Lucknow: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज निवेशकों के अनुभव को सरल और बेहतर बनाने के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘निवेश मित्र 3.0’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘यूपी प्राइवेट बिजनेस पार्क डेवलपमेंट स्कीम-2025’ और ‘प्लग-एंड-प्ले इंडस्ट्रियल शेड्स स्कीम’ का अनावरण करके औद्योगिक विकास को एक नई दिशा दी है।
इस कार्यक्रम के दौरान, सीएम योगी ने 85 से अधिक लेटर ऑफ कम्फर्ट (एलओसी), पात्रता प्रमाण पत्र (ईसी) और 2,781 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की, जो निवेश प्रस्तावों को जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उत्तर प्रदेश ने इस दिशा में पहल करते हुए निवेश मित्र 3.0 में यह सुविधा शुरू कर दी है।
नई व्यवस्था के तहत निवेशक की यात्रा इंटेंट फाइलिंग यानी निवेश प्रस्ताव दर्ज करने से शुरू होकर व्यावसायिक उत्पादन तक डिजिटल रूप से दर्ज होगी। प्रत्येक विभाग में आवेदन कितने समय तक लंबित रहा, किस स्तर पर आपत्ति लगी, कितनी बार अतिरिक्त जानकारी मांगी गई और स्वीकृति में कहां देरी हुई, इसका पूरा विवरण स्मार्ट डैशबोर्ड पर उपलब्ध रहेगा।