Lokmanya Tilak National Award: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार 2026 से सम्मानित किया। इस अवसर पर शाह ने डोभाल की जमकर तारीफ की और कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और रक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव लाने में अजीत डोभाल की भूमिका काफी अहम रही है।
विवेकानंद फाउंडेशन में भी निभाई अहम भूमिका
अमित शाह ने कहा कि 2014 के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिए गए हर बड़े राष्ट्रीय सुरक्षा फैसले के पीछे डोभाल की अहम भूमिका रही है। वहीं अजीत डोवाल विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन के अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल भी महत्वपूर्ण रहा। डोभाल से मिली एक अहम जानकारी के बाद गुजरात पुलिस ने देशभर में हुए इंडियन मुजाहिदीन के 13 बम धमाकों की गुत्थी सुलझाई थी।
‘सच्चे और जन्मजात देशभक्त का हुआ सम्मान’
अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा-“आज इस सभागार में, लोकमान्य तिलक की धरती, छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती और पेशवाओं की इस पुण्यभूमि पर हमने एक सच्चे और जन्मजात देशभक्त का सम्मान किया है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि अजीत डोभाल जी दीर्घायु हों, स्वस्थ रहें और आने वाले लंबे समय तक देश की सुरक्षा के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहें।’
युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखने की अपील
इस दौरान पुरस्कार स्वीकार करते हुए एनएसए अजीत डोभाल ने कहा कि वह इस सम्मान को विनम्रता के साथ स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य केवल राष्ट्रहित रखें और छोटे-छोटे व्यक्तिगत स्वार्थों से ऊपर उठें। उन्होंने कहा, ‘आज के युवाओं को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे केवल देश के हित में काम करेंगे। यदि कभी निजी हित और राष्ट्रहित के बीच चुनाव करना पड़े, तो वे राष्ट्रहित को प्राथमिकता दें’।
अजित डोभाल ने कहा कि देश सौभाग्यशाली है कि उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जैसे नेतृत्व का मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उन्हें अमित शाह के साथ काम करने का अवसर मिला है और उनकी स्पष्ट सोच तथा देश के प्रति समर्पण प्रेरणादायक है।
इसे भी पढ़ें:-सिर्फ 15 मिनट के ये 5 योगासन, सुस्ती, थकान को करेगी दूर, शरीर में लाएगी ऊर्जा