यूपी-बिहार समेत इन राज्यों में आज बरसेगा मानसून का कहर, IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

Aaj Ka Mausam: देशभर में मानसून इस समय अपना रौद्र और सुहावना दोनों रुप दिखाना शुरु कर दिया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज 3 अगस्त 2026 के लिए देश के 15 से अधिक राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. कहीं तेज बारिश होगी, कहीं आंधी और बिजली लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है, तो पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है. अगर आप आज घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो पहले जान लीजिए आपके राज्य का मौसम कैसा रहने वाला है.

दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत, दिनभर बरस सकते हैं बादल

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में 3 और 4 अगस्त के दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी. इससे राजधानी में उमस से राहत मिलने की उम्मीद है. अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

दिल्ली के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है. वहीं हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी अगले कुछ दिनों तक रुक-रुक कर बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.

उत्तर प्रदेश के 45 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. IMD लखनऊ के अनुसार, आज प्रदेश के करीब 45 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से शुरू होने वाला यह बारिश का सिलसिला 6 अगस्त तक जारी रह सकता है.

लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, बहराइच, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, मऊ, देवरिया और कुशीनगर में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा मेरठ, गाजियाबाद, आगरा, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, बरेली और मुरादाबाद समेत कई जिलों में भी तेज बौछारें पड़ सकती हैं.

बिहार में बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने का खतरा

बिहार के ज्यादातर हिस्सों में आज बादलों की आवाजाही बनी रहेगी. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, छपरा, बेगूसराय, अररिया, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, राजगीर, जमुई, सुपौल, कटिहार और शेखपुरा सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. भागलपुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पटना और गया में तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है. आरा, बक्सर, सासाराम, बिहारशरीफ, दरभंगा और हाजीपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है. राज्य में अधिकतम तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

झारखंड में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर

झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा. रांची, बोकारो, चाईबासा, बानो, डालटनगंज, देवघर, दुमका, गिरिडीह, हजारीबाग और जमशेदपुर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है.

धनबाद, कोडरमा, गढ़वा, गुमला, लोहरदगा, पाकुड़, रामगढ़ और सिमडेगा में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. राज्य में अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 4 और 5 अगस्त को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा.

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और आंधी की चेतावनी

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 3 से 8 अगस्त तक मौसम काफी खराब रहने के आसार हैं. IMD के मुताबिक, इन राज्यों में बिजली कड़कने, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका है. इसके चलते संवेदनशील और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना रहेगा.

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत का हाल

असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड सहित पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. वहीं, दक्षिण भारत में बारिश में थोड़ी कमी आएगी, लेकिन कर्नाटक के तटीय इलाके में अगले 2 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट रहेगा.

इसे भी पढ़ें:-तीन राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी, मंजालपुर में भाजपा 9877 वोटों से आगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *