Uttar Pradesh: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। बता दे कि उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की शिथिलता न बरती जाए।
सीएम योगी ने कहा कि हर पीड़ित की समस्या का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिप्रद समाधान सुनिश्चित किया जाए। सीएम योगी ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।
गोरखनाथ मंदिर में परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने आयोजित जनता दर्शन में सीएम योगी खुद लोगों के बीच पहुंचे। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों से उन्होंने आत्मीयता से बातचीत की और एक-एक व्यक्ति की बात ध्यान से सुनने के बाद उन्होंने उनके प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपे और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
कई फरियादियों को भरोसा दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा कि घबराइए मत, आपकी समस्या का समाधान जरूर कराया जाएगा।’ उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की शिकायतों को महज प्रार्थना पत्र मानकर औपचारिक कार्रवाई न की जाए। शिकायत की वास्तविक स्थिति से जांच कर पीड़ित को राहत दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निस्तारण ऐसा हो जिससे फरियादी को वास्तविक न्याय मिले और वह उससे संतुष्ट हो।