Delhi: दिल्ली में माल एवं सेवा कर (डीजीएसटी) विभाग और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मालगाड़ी द्वारा अवैध रूप से ले जाए जा रहे 50 टन तांबे और दो टन एल्युमिनियम सिल्लियां जब्त की है. इनमें तांबे की अनुमानित कीमत करीब 6 करोड़ रुपये और एल्युमिनियम सिल्लियों का मूल्य करीब 4 लाख रुपये आंका गया है.
जीएसटी विभाग को माल की अवैध ढुलाई की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने रेलवे के साथ मिलकर पार्सल कार्गो एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 00629) के तीन वैगनों की औचक जांच की. जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि वैगनों में लदे सामान के परिवहन के लिए किसी भी तरह के वैध दस्तावेज, ई-वे बिल या टैक्स इनवॉइस (चालान) मौजूद नहीं थे.
जीएसटी विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों वैगनों में भरे माल को अपने कब्जे में ले लिया. विभाग अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह अवैध खेप कर्नाटक से किसके द्वारा भेजी गई थी और दिल्ली में इसे किसे डिलीवर किया जाना था. इस तस्करी और कर चोरी के खेल में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता की भी गहराई से जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-एडवांस बुकिंग में ‘आवारापन 2’ का करोड़ों में कलेक्शन, इंडिपेंडेंस डे पर होगी रिलीज