तिरंगे के रंग में रंगा बलिया, मंत्रियों के नेतृत्व में निकली भव्य यात्रा

Ballia: हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को बलिया में राष्ट्रभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट से शहीद पार्क तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों समेत करीब दो हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हाथों में तिरंगा लिए लोगों के कदम बढ़े तो पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू हुई यात्रा टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन, माल गोदाम रोड और हनुमान मंदिर होते हुए शहीद पार्क चौक पहुंची। रास्तेभर देशभक्ति के गीतों और ‘वंदे मातरम’ के नारों से वातावरण गूंजता रहा। जगह-जगह लोगों ने तिरंगे के साथ यात्रा का स्वागत किया। 65 मीटर लंबा तिरंगा यात्रा का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसे लोग अपने कंधों पर लेकर आगे बढ़ते रहे। यात्रा में युवाओं और महिलाओं का खासा उत्साह देखने को मिला। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों के बीच शहर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश देता नजर आया।

यात्रा के समापन पर शहीद पार्क चौक पर वक्ताओं ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान महज एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाए। भव्य तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को नई ऊर्जा देने के साथ ही बलिया में राष्ट्रप्रेम का संदेश भी मजबूती से पहुंचाया। यात्रा में विधायक केतकी सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा समेत जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *