Lucknow: लखनऊ के गोमतीनगर में एक खौफनाक वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. पारिवारिक विवाद और रंजिश के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. गोमतीनगर थाने के पास स्थित ICICI बैंक के बाहर हुए इस खूनी संघर्ष में एक शख्स ने न केवल अपनी पत्नी और बहन को मौत के घाट उतार दिया, बल्कि खुद को भी गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11:22 बजे पति मानस ने निजी बैंककर्मी दिव्या को फोन कर बैंक के बाहर बुलाया. कुछ देर तक दोनों के बीच बातचीत हुई. इसके बाद मानस ने अचानक से बंदूक निकाली और दिव्या को गोली मारकर फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल दिव्या को लोहिया संस्थान ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
वारदात के बाद आरोपी पति मानस मौके से फरार होकर हुसड़िया स्थित अपने घर पहुंचा. पुलिस के अनुसार, घर पर उसने अपनी बहन विभा बाजपेई की भी गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली. इस गोलीकांड में तीन लोगों की मौत हो गई है.
घटना की सूचना मिलते ही लखनऊ पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. घटनास्थल से हथियार भी बरामद कर लिया गया है जिससे फायरिंग की गई थी. पुलिस ने दिव्या मिश्रा और पति, बहन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-प्रयागराज-कानपुर समेत कई जिलों में उफान पर नदियां, बाढ़ की चपेट में कई इलाके