ED raid: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार तड़के उत्तर प्रदेश और हरियाणा में एक बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया है। फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) हासिल करने और उसे आगे पास करने के मामले में ईडी की टीमों ने तीन शहरों के कुल 9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।
ईडी के लखनऊ जोनल कार्यालय की टीम ने जम्बूद्वीप एक्सपोर्ट्स एंड इंपोर्ट्स लिमिटेड से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की है. अधिकारियों के अनुसार, संबंधित इकाई पर बिना माल की वास्तविक आवाजाही के फर्जी चालान और ई-वे बिल तैयार कर फर्जी आईटीसी बनाने और उसे आगे पास करने का आरोप है.
जांच में कई फर्जी और शेल (कागजी) कंपनियों के जरिए बड़े पैमाने पर सर्कुलर ट्रांजैक्शन किए गए, फंड की तेजी से लेयरिंग की गई और अवैध तरीके से भारी मात्रा में नकदी निकाली गई। जीएसटी अधिकारियों की पूर्व जांच में यह खुलासा हुआ था कि इस नेटवर्क के जरिए कथित तौर पर 9.63 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट गलत तरीके से हासिल किया गया और 10.28 करोड़ रुपये का आईटीसी आगे पास किया गया।
अधिकारियों का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया से सरकारी खजाने को राजस्व का नुकसान हुआ है. जांच एजेंसियों के अनुसार, अवैध तरीके से हासिल की गई यह रकम प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत ‘अपराध से हुई कमाई’ (Proceeds of Crime) के दायरे में आती है. ईडी अब फर्जी कंपनियों के नेटवर्क, लेनदेन और धन के प्रवाह की कड़ियां खंगाल रही है. उधर, ईडी की छापेमारी से संबंधितों में हड़कंप मचा है.