Andhra pradesh: आंध्र प्रदेश के पलनाडू में दर्दनाक सड़क हादसा गुरुवार तड़के एक प्राइवेट बस और ऑटो-रिक्शा की टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। मरने वालों में छह महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक यह हादसा पलनाडू जिले के चिलकालूरिपेट में अड्डा रोड के पास हुआ। विजयवाड़ा से तिरुपति जा रही प्राइवेट बस ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। ऑटो-रिक्शा में तकरीबन 15 लोग सवार थे। उनमें से सात लोगों की मौत हो गई।
बता दे कि चार बच्चों समेत आठ अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को गुंटूर के सरकारी जनरल अस्पताल और चिलकलुरिपेट सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की पहचान बोंटू बाबू (62), बोंटू मानेम्मा (55), संपूर्णम्मा (70), गंगम्मा (50), लक्ष्मम्मा (75), चौतुपल्ली स्वार्थम्मा (45) और मारियम्मा (45) के रूप में की गई है।
जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे
पुलिस के मुताबिक पीड़ित चिलकलुरिपेट मंडल के वेलुरु गांव के रहने वाले थे। वे प्रकाशम जिले के कोंडामांजुलुर में एक जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे। चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। वहीं, दो लोगों की मौत गुंटूर के सरकारी जनरल अस्पताल में और एक की मौत चिलकलुरिपेट सरकारी अस्पताल में हुई।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने इस भयानक सड़क हादसे जताया गहरा दुख
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने इस भयानक सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। सीएम ने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को हर संभव बेहतर इलाज मिले और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जाए।