Nepal Flood: नेपाल में आई भीषण बाढ़ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह को एक पत्र लिखा है. जिसमें आग्रह किया है कि पड़ोसी देश को तत्काल मानवीय एवं राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा वहां फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं। नेपाल में अब तक 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, 1,000 लोग अभी लापता हैं. प्राकृतिक आपदा के बाद भारत नेपाल का बढ़ चढ़कर मदद कर रहा है.
खड़गे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
पीएम मोदी को पत्र में मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि वो नेपाल में आई भीषण बाढ़ से बहुत चिंतित हैं, जिसमें बड़े पैमाने पर जान-माल का नुकसान हुआ है। उन्होंने पीएम मोदी से अनुरोध किया कि नेपाल सरकार के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों को पर्याप्त मानवीय और राहत सहायता सुनिश्चित की जाए.
कई भारतीय नागरिक फंसे हैं
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बाढ़ के कारण नेपाल के अलग-अलग हिस्सों में कई भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोग फंसे हुए हैं. उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि बचाव और निकासी के प्रयासों को तेज किया जाए और उनकी सुरक्षित और जल्द भारत वापसी के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं.
320 भारतीय नागरिक अभी भी संपर्क में नहीं हैं
खड़गे ने बताया कि नेपाल में करीब 320 भारतीय नागरिक अभी भी संपर्क में नहीं हैं, जिनका पता नहीं चल पा रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार इस कठिन समय में हर संभव मदद के लिए तुरंत कदम उठाएगी. अमित शाह को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि नेपाल में बाढ़ से गंभीर प्राकृतिक आपदा आई है. जान का नुकसान, घरों और बुनियादी ढांचे का बड़े पैमाने पर विनाश और अनगिनत लोगों के विस्थापन ने प्रभावित समुदायों को बहुत परेशानी में डाल दिया है.
इसे भी पढ़ें:-उत्सव के माध्यम से सनातन धर्म को और धर्मावलम्बियों को करें जागृत: दिव्य मोरारी बापू