Uttar Pradesh: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यातायात प्लान तैयार किया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शहर में यातायात का दबाव कम करने के लिए 3 सितंबर से 5 सितंबर तक मथुरा-वृंदावन शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन और नो-एंट्री व्यवस्था लागू रहेगी। इसके लिए अन्य जिलों से आये अतिरिक्त पुलिस बल लगाये जा रहे है।
बता दें कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव चार सितंबर को नगर के श्रीबांकेबिहारी मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसकी तैयारियां मंदिर के सेवारत गोस्वामियों द्वारा की जा रही हैं। कान्हा के जन्मोत्सव पर लाखों श्रद्धालु वृंदावन आएंगे। उससे एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी नगर में आएंगे। जंहा वे विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और शाम को श्रीबांकेबिहारी के दर्शन करेंगे। उनके आगमन को लेकर भी पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने तीन सितंबर से पांच सितंबर तक बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
जानकारी के मुताबिक यमुना एक्सप्रेस वे से आने वाले वाहन पानीगांव टी पॉइंट पार्किंग स्थल एवं दारुक पार्किंग पर रोके जाएंगे। मथुरा मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं को आईटीआई के समीप अस्थायी पार्किंग पर रोका जाएगा। सौ शय्या अस्पताल तिराहा से आगे वाहनों की नो एंट्री रहेगी। छटीकरा मार्ग की ओर से आने वाले वाहनों को रुक्मिणी विहार मल्टी लेबल पार्किंग एवं बड़े वाहनों को मां वैष्णो धाम के सामने पार्किंग में रोका जाएगा। आगरा-दिल्ली हाईवे से रामताल होकर आने वाले वाहनों को सुनरख मार्ग स्थित अस्थायी पार्किंग पर रोका जाएगा। इन सभी पार्किंगों पर श्रद्धालु वाहन खड़ा करके गोल्फ कार्ट से मंदिर तक आ-जा सकेंगे।