Haryana: हरियाणा के पलवल जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी पिकअप और ट्रक की टक्कर में 6 श्रद्धालुओं की मौत, जबकि 14 लोग घायल हो गये। मृतकों में तीन पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को जिला नागरिक अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
बता दे कि पिकअप में सवार सभी लोग धार्मिक यात्रा पर निकले थे। मंगलवार तड़के केएमपी एक्सप्रेसवे से गुजरते समय अचानक अनियंत्रित हुई पिकअप ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने पहुंचकर शुरू किया बचाव कार्य
जानकारी के मुताबिक आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान विजय सिंह, राजकुमार, रेशमा देवी, कमला देवी, सुधा और महेश के रूप में हुई है।
मैनपुरी से धार्मिक यात्रा पर निकले थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के रहने वाले थे। वे शुक्रवार को धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे। सोमवार शाम को राजस्थान के खाटू श्याम और सालासर बालाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान मंगलवार सुबह पलवल में केएमपी एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया।