यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल टैक्स माफ, जानें किसे और कैसे मिलेगा लाभ

Yamuna Expressway Toll Tax: यमुना एक्सप्रेसवे के निर्माण और संचालन के बाद से टोल में छूट की मांग करते आ रहे जेवर क्षेत्र के किसानों का इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। एक्सप्रेसवे पर उनके वाहन बिना टोल दिए गुजर सकेंगे। इस फैसले के बाद जेवर टोल प्लाजा पर पात्र स्थानीय नागरिकों को टोल टैक्स नहीं देना होगा. हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए स्थानीय लोगों को पहले अपनी गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी होगा.

विधायक धीरेन्द्र सिंह ने दी टोल माफी की जानकारी

जेवर के बीजेपी विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस फैसले की जानकारी साझा करते हुए इसे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और पीएम नरेंद्र मोदी का उपहार बताया है. उन्होंने बताया कि YEIDA और एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली सुरक्षा समूह की कंपनी के साथ कई दौर की बातचीत हुई. इस दौरान क्षेत्रवासियों के रोजाना आने-जाने की समस्या और क्षेत्र के विकास में किसानों के योगदान को प्रमुखता से रखा गया. इसके बाद जेवर टोल प्लाजा पर पात्र स्थानीय नागरिकों का टोल माफ करने का फैसला लिया गया.

अभी कितना टोल टैक्स देना पड़ता है?

फिलहाल जेवर टोल प्लाजा पर अलग-अलग वाहनों के लिए अलग टोल शुल्क निर्धारित है. कार से सफर करने वालों को 120 रुपये, दो-पहिया वाहन चालकों को 60 रुपये और हल्के कमर्शियल वाहनों को 185 रुपये का टोल टैक्स देना पड़ता है. टोल माफी का फैसला लागू होने के बाद पात्र स्थानीय लोगों को रोजाना आने-जाने में इन खर्चों से राहत मिलेगी. इससे उनके रोजमर्रा के बजट में बचत होगी और ग्रेटर नोएडा से लेकर आगरा तक आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी. यह फैसला उन हजारों किसानों और स्थानीय नागरिकों के हितों के सम्मान के तौर पर भी देखा जा रहा है, जिनकी जमीनों पर इस एक्सप्रेसवे का निर्माण हुआ था.

कैसे मिलेगा लाभ?

यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर टोल प्लाजा 38-39 किलोमीटर माइलस्टोन के पास है। इससे जेवर के लोगों को अब तक एक्सप्रेसवे पर चढ़ते ही टोल देना पड़ता था। नई सुविधा के लाभ के लिए टोल प्लाजा पर स्थानीय नागरिकों को गाड़ी का रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके लिए पात्र स्थानीय नागरिकों को अपने स्थानीय निवासी होने का प्रमाण, आधार कार्ड और वाहन की आरसी (RC) की प्रति टोल प्लाजा पर जमा करानी होगी। इन कागजातों की जांच के बाद उनका टोल प्लाजा पर रजिस्ट्रेशन हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *