weather Update: मॉनसून ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मॉनसून की सक्रियता बढ़ने से देश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और वज्रपात की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई राज्यों में मानसूनी गतिविधियां फिर से सक्रिय हो गई हैं। इनमें से 18 से अधिक राज्यों में भारी बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में कई राज्यों में लोगों को खराब मौसम का सामना करना पड़ सकता है।
60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलेंगी तूफानी हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून की बढ़ी हुई सक्रियता का असर पश्चिमी और तटीय इलाकों में अधिक देखने को मिल सकता है। महाराष्ट्र और गोवा के तटीय क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ के इलाकों में भी मौसम बिगड़ने की आशंका है। इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने को लेकर रेड और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में मूसलाधार बारिश का अलर्ट
बिहार में 22 सितंबर को मौसम मिला-जुला रहने का अनुमान है। हालांकि, 23 सितंबर से राज्य में मानसूनी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई गई है। IMD के मुताबिक, 24 और 25 सितंबर को बिहार के दर्जनों जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इस दौरान बादलों की तेज गड़गड़ाहट और बिजली गिरने यानी वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने का खतरा बना रह सकता है।
मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मॉनसून
मध्य प्रदेश में भी मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। 22 सितंबर से राज्य के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। राजधानी भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत कई बड़े शहरों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की आशंका जताई गई है. वहीं, उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इस दौरान बिजली गिरने और भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा भी जताया गया है।
दक्षिण भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वोत्तर भारत के सभी आठ राज्यों में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इन राज्यों में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मॉनसून की अचानक बढ़ी सक्रियता का असर खेती-किसानी पर भी पड़ रहा है बारिश से किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।