Sports: भारतीय महिला तीरंदाजों ने एशियन गेम्स में शुक्रवार को ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसकी उम्मीद शायद ही किसी ने की थी। कुमकुम मोहोड, अंकिता भकत और कीर्ति शर्मा की तिकड़ी ने महिला रिकर्व टीम स्पर्धा के गोल्ड मेडल मुकाबले में 10 बार की चैंपियन टीम साउथ कोरिया को 5-3 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने इस स्पर्धा में एशियन गेम्स का अपना पहला पदक भी हासिल किया।
पहले दो सेट बराबरी पर थे छूटे
बता दें कि भारतीय महिला आर्चरी टीम ने रिकर्व इवेंट के गोल्ड मेडल मैच में चीन की टीम को मात देते हुए अपनी जगह को पक्का किया था। इसके बाद उनका सामना साउथ कोरिया की टीम से था जो इस इवेंट में वर्ल्ड की सबसे बेस्ट टीम है। टीम इंडिया के लिए मुकाबला आसान नहीं था, लेकिन कुमकुम, कीर्ति और अंकिता ने अपने जज्बे को बरकरार रखते हुए पहले दो सेट में साउथ कोरिया की टीम को कड़ी टक्कर दी जिसमें मुकाबला बराबरी पर रहा। पहला सेट जहां 54-54 के स्कोर के साथ बराबरी पर खत्म हुआ तो वहीं दूसरा से 56-56 की बराबरी पर खत्म हुआ।
टीम इंडिया ने जीता तीसरा सेट 4-2 से बनाई बढ़त
इस मुकाबले का तीसरा सेट भारतीय टीम के लिए निर्णायक साबित हुआ जिसमें उन्होंने साउथ कोरिया की वर्ल्ड चैंपियन कांग चेयंग, ओ येजिन और ली युनजी की तिकड़ी के खराब खेल का पूरा फायदा उठाया और उनको 55-52 के अंतर से इस सेट में मात देने के साथ मुकाबले में 4-2 के अंतर से बढ़त बना ली जिसके बाद सभी की नजरें इस मैच के चौथे सेट पर थी और इसमें साउथ कोरिया की टीम ने 54 अंक हासिल किए जिसके बाद भारतीय महिला रिकर्व टीम को गोल्ड मेडल जीतने के लिए या तो इस सेट को बराबरी पर खत्म करना था या सीधे जीत हासिल करनी थी, जिसमें भारतीय टीम ने सेट को बराबरी पर खत्म करने के साथ मुकाबला 5-3 के अंतर से अपने नाम कर लिया पहली बार रिकर्व इवेंट में महिला टीम गोल्ड मेडल जीतने में कामयाब रही।