पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक-बस की टक्कर में 2 की मौत, कई यात्री घायल  

Uttar Pradesh: यूपी के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह ट्रक-बस की भीषण टक्कर हो गई। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह हादसा हैदरगढ़ के सुबेहा थाना क्षेत्र में गेरांवा गांव के पास हुआ। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 52.7 किलोमीटर पर शनिवार तड़के करीब 5 बजे  हुआ।

बिहार जा रही बस को ट्रक ने मारी टक्कर

बता दें कि दिल्ली से करीब 80 यात्रियों को लेकर बिहार जा रही बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के समय बस रोककर दोनों चालक पहियों की हवा चेक कर रहे थे। टक्कर की चपेट में आने से दोनों ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अजय कुमार यादव और दीप चन्दर राय के रूप में हुई।

हादसे में कई यात्री घायल

हादसे में ट्रक चालक, क्लीनर समेत बस सवार आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। सुबेहा थाना पुलिस, एक्सप्रेसवे राहत टीम और एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बाराबंकी भेजा गया, पुलिस जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *