UP News: यूपी के सुलतानपुर जिले में बुधवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया. जहां तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी, जिसमें 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से घायल हैं.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 97.5 के पास सुबह करीब 5 बजे हुआ. कार में 6 लोग सवार थे. जो लखनऊ से देवरिया जा रहे थे.
सभी टेनिस खिलाड़ी बताए जा रहे हैं
पुलिस के मुताबिक ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ. कार की स्पीड करीब 100 किमी/घंटा थी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सवार अंदर फंस गए.
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और कुमारगंज के 100 बेड वाले अस्पताल भेजा. हालत गंभीर होने पर तीनों घायलों को दर्शननगर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
मृतकों की पहचान
मृतकों में देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) शामिल हैं.
घायलों की पहचान
घायलों में लखौरा निवासी आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू यादव (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम निवासी जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें:-CNG-PNG के बढ़े दाम, नई कीमतें 7 अक्टूबर से लागू