New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार की शाम को पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड में दशहरा समारोह में शामिल होंगे, इस दौरान तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा, अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम स्थल के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन और पाबंदियां लागू की जाएंगी।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए केंद्रीय सशस्त्र अर्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस के लगभग 2,500 जवानों को तैनात किया जाएगा, इनमें ‘स्पेशल वेपन्स एंड टैक्टिक्स’ (SWAT) के कमांडो भी शामिल होंगे, जो दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के तहत आतंकवाद-रोधी यूनिट है। यह तैनाती संभावित खतरों और कार्यक्रम स्थल पर विरोध-प्रदर्शन या किसी अन्य व्यवधान को ध्यान में रखते हुए की गई है।
बता दें कि सबसे अंदरूनी सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) के पास होगी, बीच के घेरे में दिल्ली पुलिस के प्रधानमंत्री सुरक्षा विंग के जवान और कमांडो तैनात रहेंगे और तीसरे सुरक्षा घेरे की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस संभालेगी।
अधिकारीयों ने बताया कि रावण दहन कार्यक्रम में लगभग 10,000 लोगों के आने की उम्मीद है, शाम करीब 6:30 बजे जब पीएम मोदी मैदान में पहुंचेंगे तो वहां केवल उन्हीं लोगों को जाने दिया जाएगा, जिनके पास आयोजकों द्वारा जारी वैध एंट्री पास होंगे, प्रवेश द्वारों पर सभी की अनिवार्य रूप से तलाशी ली जाएगी, SPG ने पूरे कार्यक्रम स्थल को अपने कंट्रोल में ले लिया है और किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाने के लिए एंटी-सबोटेज चेक की गई है।
ईस्ट दिल्ली के डिप्टी पुलिस कमिश्नर राजीव कुमार ने बताया कि IP एक्सटेंशन मैदान और उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाली अन्य जगहों पर दशहरा कार्यक्रमों के लिए सुरक्षा और ट्रैफिक के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, उन्होंने कहा कि मैदान पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के अलावा, ड्रोन के जरिए हवाई निगरानी भी रखी जा रही है।
अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के काफिले के रास्ते और कार्यक्रम स्थल के आसपास की सभी ऊंची इमारतों की जांच कर उन्हें सिक्योर कर लिया गया है, किसी भी संभावित हमले को रोकने के लिए रणनीतिक जगहों पर इमारतों की छतों पर विशेष टीमें तैनात की गई हैं, कार्यक्रम स्थल के सभी प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, हैंड-हेल्ड मेटल डिटेक्टर और बैगेज स्कैनर लगाए गए हैं।