Punjab: झोटा हत्याकांड की सीबीआई जांच शुरु हो गई है, पंजाब के मानसा में नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच के लिए सीबीआई की टीम मानसा पहुंच गई है, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात करने के बाद सीबीआई टीम के मानसा पहुंची है।
अमित शाह ने परिवार को दिलाया था जांच का भरोसा
मुलाकात के दौरान अमित शाह ने परिवार को भरोसा दिलाया था कि हत्याकांड की गहराई से जांच करवाई जाएगी और जल्द ही सीबीआई की टीम मानसा पहुंचेगी।
मानसा पहुंचने के बाद सीबीआई की डीएसपी सहित पांच सदस्यों की टीम ने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया, इस दौरान मानसा पुलिस ने परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड से संबंधित फाइल सीबीआई को सौंप दी है, अब सीबीआई इस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरु करेगी।
जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि परविंदर सिंह झोटा की हत्या की साजिश किसने रची और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे, इसके अलावा मामले के मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार के कथित नशा कारोबार से जुड़े संपर्कों की भी जांच होगी।
इसके साथ ही यह भी पता लगाया जा सकता है कि इस मामले में किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की कोई भूमिका अथवा कथित मिलीभगत थी या नहीं, हालांकि, इन सभी पहलुओं पर स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी, अब इस हत्याकांड की जांच सीबीआई द्वारा किए जाने के बाद मामले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।
जाने क्या है मामला
बता दें कि मानसा के एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की बीते 13 अक्तूबर को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक अश्वनी कुमार और उसकी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, झोटा की हत्या के बाद पूरे पंजाब में आक्रोश फैल गया है।