टाइगर श्रॉफ नही टारगेट पर थे सलमान खान, जानें भाईजान के घर की रेकी के बाद शूटर्स ने क्यों बदला प्लान

Entertainment: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आने का दावा किया जा रहा है, इस मामले में राजस्थान के कोटा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया, अब एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस हमले से पहले सलमान खान को निशाना बनाने की कथित योजना तैयार की गई थी।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले सलमान खान के घर की रेकी की थी, लेकिन वहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखकर उन्होंने अपनी योजना बदल दी, हालांकि, इस कथित साजिश के पीछे की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

सलमान खान को निशाना बनाने की थी कथित योजना

जानकारी के अनुसार जुहू में हुई गोलीबारी की घटना में सलमान खान कथित तौर पर हमलावरों का पहला निशाना थे, रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ को दूसरे विकल्प के तौर पर देखा गया था, सूत्रों के अनुसार, गोलीबारी से पहले दोनों हमलावरों ने बांद्रा के बैंडस्टैंड इलाके में स्थित सलमान खान के घर की रेकी की थी। वहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी होने के कारण वे कथित तौर पर अपने इरादे को अंजाम नहीं दे सके, इसके बाद उन्होंने किसी ऐसे व्यक्ति को निशाना बनाने की योजना बनाई, जिसकी सुरक्षा अपेक्षाकृत कम हो।

जांच से जुड़े सूत्रों का दावा है कि इसी दौरान टाइगर श्रॉफ का नाम सामने आया, हालांकि, सलमान खान को निशाना बनाने की कथित योजना और फायरिंग की घटना के बीच संबंधों की पुष्टि होना अभी बाकी है।

सोशल मीडिया से मिली थी टाइगर श्रॉफ की दिनचर्या की जानकारी

रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावरों को सोशल मीडिया पर मौजूद पोस्ट के जरिए टाइगर श्रॉफ की दिनचर्या के बारे में जानकारी मिली थी, कथित तौर पर उन्हें पता चला कि अभिनेता हर रविवार को जुहू स्थित पुष्पा नरसी ग्राउंड में फुटबॉल खेलने जाते हैं, पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने इस जानकारी के आधार पर अभिनेता की गतिविधियों पर नजर रखी, आरोप है कि रविवार को जब टाइगर श्रॉफ की कार मैदान के गेट से बाहर निकली, तभी उस पर गोलियां चलाई गईं।

इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमले की योजना किसने बनाई, आरोपियों को निर्देश कहां से मिले और वारदात में शामिल अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।

 पुलिस की गिरफ्त में तीन आरोपी

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में राजस्थान की कोटा पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, बताया गया है कि इनमें दो आरोपी हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है, गिरफ्तारी के बाद तीनों को मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया, उन्हें मंगलवार देर रात मुंबई लाया गया था।

पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है, अधिकारियों के मुताबिक, फोन से मिली तस्वीरें और दूसरे रिकॉर्ड यह समझने में मदद कर सकते हैं कि आरोपियों ने किन जगहों की निगरानी की थी और वे किसके संपर्क में थे, जांच अधिकारियों के सामने यह पता लगाने की चुनौती भी है कि गोलीबारी का मकसद केवल डर पैदा करना था या इसके पीछे किसी बड़ी साजिश की योजना थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *