‘भारत हम सबके लिए उम्मीद की किरण’, पोलैंड के PM डोनाल्ड टस्क ने की PM मोदी की जमकर तारीफ

Delhi: पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के लिए ‘उम्मीद की किरण’ बताया है। गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में PM मोदी के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि वैश्विक अस्थिरता और राजनीतिक अनिश्चितता के बीच भारत का नेतृत्व पूरी दुनिया के लिए उम्मीद का संकेत है।

डोनाल्ड टस्क ने कहा, “हम वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री के रूप में आपकी भूमिका की सराहना करते हैं। भारत जैसे शक्तिशाली देश के प्रधानमंत्री के रूप में आपका नेतृत्व हम सभी के लिए उम्मीद की किरण है।

‘भारत-पोलैंड में कोई विवाद नहीं’

पोलैंड के PM ने कहा कि भारत और पोलैंड में बहुत कुछ समान है, दोनों देशों को सिर्फ भौगोलिक दूरी अलग करती है। हमारे बीच हितों का कोई टकराव नहीं है और न ही कोई ऐतिहासिक मुद्दा है जो हमें बांटता हो। हम भरोसे, साझा मूल्यों और अहिंसा के आधार पर दोस्ती बना रहे हैं।

रणनीतिक साझेदारी पर बड़ा जोर

टस्क ने बताया कि भारत और पोलैंड की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सार्थक चर्चा हुई है। इसकी नींव PM मोदी की अगस्त 2024 में वारसॉ यात्रा के दौरान रखी गई थी। आज दोनों देशों ने आने वाले सालों में सहयोग की प्राथमिकताएं तय की हैं।

खनन से लेकर अंतरिक्ष तक साथ काम करेंगे

उन्होंने कहा कि दोनों देश की साझेदारी की सबसे बड़ी बुनियाद अर्थव्यवस्था और व्यापार है। इसी लिए इस बार उनके साथ पोलैंड की कंपनियों का सबसे बड़ा डेलीगेशन भारत आया है।दोनों देशों ने खनन, कोयले से गैस बनाने की तकनीक, शिपयार्ड और जहाज निर्माण के साथ-साथ अंतरिक्ष, डिजिटल टेक्नोलॉजी, सैटेलाइट, ड्रोन और डिफेंस में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है।

G20 समेत हर मंच पर साथ

टस्क ने कहा कि भारत और पोलैंड G20 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे का समर्थन करेंगे। इससे दोनों देशों के साथ-साथ वैश्विक हितों को भी फायदा होगा।

गौरतलब है कि पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21 से 23 अक्टूबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *