Jantar Mantar: दिल्ली के जंतर-मंतर के आसपास रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. सालों से लगे बैरिकेड्स को दिल्ली पुलिस ने आखिरकार हटा दिया है. अब आम लोग बिना रोक-टोक अपने घरों तक जा सकेंगे और इस रास्ते से रोज गुजरने वालों को जाम से नहीं जूझना पड़ेगा. ये फैसला जंतर-मंतर को अधिकृत धरना स्थल की लिस्ट से हटाए जाने के कुछ दिन बाद लिया गया है.
स्थानीय लोगों ने खटखटाया था कोर्ट का दरवाजा
जंतर-मंतर के आसपास के निवासी लंबे समय से शिकायत कर रहे थे कि पुलिस बैरिकेडिंग के कारण उनका रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है. घर तक पहुंचना तक मुश्किल हो गया था. कई लोगों ने तो इस मामले में कोर्ट में याचिका भी दायर की थी.पिछले महीने कॉकरोच जनता पार्टी और छात्रों के प्रदर्शन के दौरान तो पूरे लुटियंस दिल्ली में सख्ती और बढ़ा दी गई थी. BNSS की धारा 163 लागू कर दी गई थी और बड़े समूह में इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई थी.
अब कहां होगा प्रदर्शन?
11 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस कमिश्नर के आदेश से जंतर-मंतर को अधिकृत प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया. अब दिल्ली में 3 जगहों पर ही धरना-प्रदर्शन की इजाजत होगी. रामलीला मैदान (मध्य दिल्ली), CBD मैदान (पूर्वी दिल्ली), बुराड़ी मैदान (उत्तर-पश्चिम दिल्ली).
SC में दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?
दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए सही जगह नहीं है. CJI सूर्यकांत के सामने दाखिल हलफनामे में पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने कहा कि फैसला गृह मंत्रालय की समिति की रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है.
पुलिस ने तर्क दिया कि यहां से 3-4 KM के अंदर 78 विदेशी दूतावास और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के ऑफिस हैं. प्रदर्शन से ट्रैफिक जाम, सुरक्षा में चूक और इमरजेंसी में पहुंचने में दिक्कत होती है, इसलिए किसी पब्लिक सड़क को परमानेंट प्रदर्शन स्थल नहीं बनाया जा सकता.
इसे भी पढ़ें:-वजन कम करने के लिए कॉफी में मिलाएं ये काले दाने, तेजी से घटेगा Belly Fat, पाचन भी होगा मजबूत