बिहार मेंबेकाबू पिकअप ने 12 लोगों को कुचला, 2 की मौत

Bihar: बिहार के सीतामढ़ी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. परसौनी थाना क्षेत्र के गिसारा गांव में गुरुवार रात श्राद्ध भोज की तैयारी के दौरान एक तेज रफ्तार बेकाबू पिकअप ने कहर बरपा दिया. पिकअप भीड़ में घुस गई और करीब एक दर्जन लोगों को कुचल दिया. इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में 4 की हालत नाजुक बताई जा रही है.

कैसे हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि गांव में धान उतारने के बाद पिकअप चालक गाड़ी को पीछे कर रहा था. इसी दौरान पिकअप बालम कुमार के घर के सामने खड़ी बाइक से टकरा गई. इस बात को लेकर बालम कुमार और चालक मुन्ना बैठा के बीच कहासुनी हो गई. आरोप है कि विवाद के बाद गुस्से में चालक ने पिकअप की रफ्तार तेज कर दी और खुद गाड़ी से कूद गया. बिना चालक की तेज रफ्तार पिकअप सीधे श्राद्ध भोज की तैयारी कर रहे लोगों के बीच जा घुसी. लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. अचानक पिकअप को अपनी तरफ आता देख भगदड़ मच गई. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, लेकिन कई लोग चपेट में आ गए. मौके पर चीख-पुकार मच गई.

मृतकों की पहचान हुई

मृतकों की पहचान गिसारा गांव के 80 साल के योगेश्वर पासवान और डुमरा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी मांझी पासवान के रूप में हुई है. योगेश्वर पासवान सड़क किनारे बैठकर श्राद्ध भोज की तैयारी कर रहे थे. वहीं मांझी पासवान अपनी बहन की तेरहवीं के भोज में शामिल होने के लिए गिसारा आए थे.

पुलिस ने पिकअप जब्त की

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलते ही परसौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर लिया. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

इसे भी पढ़ें:-प्रदूषण ने दिल्ली में बढ़ाई मुश्किलें, AQI 700 के पार, निर्माण कार्यों पर लगी रोक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *