सर्दी की आहट शुरू, बीमारियों से बचना है तो थाली में शामिल करें ये 6 सुपरफूड

Winter diet tips: सर्दियों की आहट के साथ ही सुबह-शाम की गुलाबी ठंड भले ही सुहावनी लगे, लेकिन यह मौसम संक्रमण, मौसमी फ्लू, सर्दी-जुकाम और त्वचा के रूखेपन का सबसे संवेदनशील दौर होता है. तापमान गिरते ही शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ता है और इम्यूनिटी कमजोर होने लगती है. ऐसे में खुद को फिट रखने के लिए डाइट में सही बदलाव बेहद जरूरी है.आइए जानते हैं

सर्दी की शुरुआत में आपकी थाली कैसी होनी चाहिए

1. मोटे अनाज से लाएं गर्माहट

गेहूं के सामान्य आटे की जगह बाजरा, मक्का, ज्वार और रागी की रोटियां खाना शुरू करें. इनमें कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट, फाइबर और आयरन भरपूर होता है जो पेट को लंबे समय तक भरा रखता है और शरीर को अंदरूनी गर्माहट और प्राकृतिक ऊर्जा देता है.

2. मौसमी साग और जड़ वाली सब्जियां

बाजार में मिलने वाले ताजे हरे पत्तेदार साग जैसे सरसों, पालक, मेथी, बथुआ आयरन, विटामिन A, C और फोलेट से भरपूर होते हैं. वहीं गाजर, चुकंदर, शकरकंद और मूली जैसी जड़ वाली सब्जियां ब्लड फ्लो दुरुस्त रखने और इम्यूनिटी मजबूत करने में कारगर हैं.

3. सीमित मात्रा में देसी घी और तिल

ठंड में त्वचा का रूखापन और जोड़ों की अकड़न आम है. रोज के भोजन में 1-2 चम्मच शुद्ध देसी घी आंतों के स्वास्थ्य और फैट-सॉल्युबल विटामिन्स के अवशोषण में मदद करता है. तिल और मूंगफली में मौजूद हेल्दी फैट्स और कैल्शियम हड्डियों को मजबूती देते हैं.

4. नेचुरल हीलर्स: अदरक, लहसुन और कच्ची हल्दी

सुबह की शुरुआत अदरक-तुलसी की चाय या काढ़े से करें. रात में कच्ची हल्दी वाला गुनगुना दूध पिएं. इनमें मौजूद एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण गले की खराश, कफ और वायरल संक्रमण से बचाते हैं.

5. रिफाइंड चीनी की जगह देसी गुड़

सफेद चीनी की जगह खाने के बाद एक छोटा टुकड़ा गुड़ खाने की आदत डालें. गुड़ पाचन एंजाइम्स को सक्रिय करता है, फेफड़ों की सफाई में सहायक है और हीमोग्लोबिन स्तर बनाए रखता है.

6. हाइड्रेशन और गुनगुना पानी

सर्दियों में प्यास कम लगने से शरीर डिहाइड्रेट हो जाता है. दिनभर में पर्याप्त मात्रा में हल्का गुनगुना पानी, हर्बल टी या दाल-सब्जी का गर्म सूप जरूर लें. इससे सुस्ती, वजन बढ़ना और पाचन की समस्याएं दूर रहेंगी.

इसे भी पढ़ें:-सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है अचानक ब्लड प्रेशर? जानें 6 बड़े कारण और कंट्रोल के 7 आसान उपाय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *