Religion: हर साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को माता तुलसी का भगवान शालिग्राम से विवाह कराया जाता है। तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के बराबर पुण्य फल की प्राप्ति होती है। साथ ही परिवार की सुख-समृद्धि बढ़ती है। जिन परिवारों में वैवाहिक जीवन में समस्या हो या जिनकी शादी में बाधाएं आ रही हों उनके लिए तुलसी विवाह का आयोजन फलदायी साबित होता है। इससे विवाह संबंधी समस्याओं का समाधान हो जाता है। जानिए इस साल तुलसी विवाह कब कराया जाएगा।
कब है तुलसी विवाह
पंचांग के मुताबिक, 21 नवंबर को कार्तिक शुक्ल द्वादशी पर तुलसी विवाह का मुख्य आयोजन होगा। अधिकांश लोग इसी दिन भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह कराते हैं। हालांकि कई क्षेत्रों में यह उत्सव देवउठनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक 5 दिनों तक चलता है, जहां लोग अपनी मान्यता अनुसार एकादशी या इन 5 दिनों में से किसी भी शुभ दिन तुलसी विवाह कराते हैं।
तुलसी विवाह शुभ मुहूर्त
तुलसी विवाह का शुभ मुहूर्त 21 नवंबर की शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर शाम 7 बजकर 49 मिनट तक रहेगा। वहीं इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 40 मिनट से सुबह 5 बजकर 30 मिनट तक और अभिजीत मुहूर्त दोपहर 11 बजकर 42 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक रहेगा। जबकि गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 13 मिनट तक रहेगा।
तुलसी विवाह का महत्व
मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की असीम कृपा प्राप्त होती है। जिससे जीवन में धन समृद्धि की कभी कमी नहीं होती। यह भी मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से वैवाहिक जीवन में सुख और शांति बनी रहती है।