Bihar: बिहार के सरकारी कर्मचारियों और पेंशन भोगियों का महंगाई भत्ता यानी डीए बढ़ा दिया गया है। छठ पूजा से पहले बिहार सरकार ने यह अहम फैसला लिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई बिहार कैबिनेट की बैठक में डीए बढ़ोतरी के फैसले पर मुहर लगाई गई। इस बैठक में विभिन्न विभागों के कुल 31 प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई। सातवें वेतनमान के तहत सैलरी उठा रहे सरकारी कर्मचारियों को अब 60 की जगह 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा। डीए बढ़ोतरी का लाभ 1 जुलाई से प्रभावी होगा, यानी कर्मचारियों को गुजर चुके महीनों का महंगाई भत्ता एरियर के तौर पर मिल जाएगा।
कैबिनेट में कुल 31 प्रस्तावों पर लगी मुहर
छठ महापर्व से ठीक पहले लिए गए इस फैसले को राज्य के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत के तौर पर देखा जा रहा है। सम्राट कैबिनेट की बैठक में विभिन्न विभागों के कुल 31 प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। इनमें शिक्षा, रोजगार, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन और तकनीक से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना’ शुरू करने की मंजूरी दी गई।
‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना‘ शुरू होगी
उच्च शिक्षा में छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना’ शुरू करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत अधिकतम 2,100 छात्राओं को लाभ मिलेगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक चार साल में इस योजना पर 88.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा, छात्राओं की उच्च शिक्षा और शोध में भागीदारी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना को भी मंजूरी मिली है। इस योजना पर 126 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।