Religion: खाटू श्याम बाबा का जन्मोत्सव श्रद्धालुओं के लिए किसी महापर्व से कम नहीं होता, जिसका हर श्याम प्रेमी को पूरे साल बेसब्री से इंतजार रहता है। इस पावन अवसर पर लाखों भक्त राजस्थान के सीकर जिले में स्थित बाबा के प्रसिद्ध धाम पहुंचते हैं, वहीं जो लोग किसी कारणवश मंदिर नहीं जा पाते, वे घर पर ही बाबा का भव्य दरबार सजाकर पूजा-अर्चना करते हैं। हर साल कार्तिक शुक्ल पक्ष की देवउठनी एकादशी के दिन श्याम बाबा का जन्मोत्सव मनाया जाता है। यह वही शुभ दिन है जब भगवान विष्णु अपनी चार महीने की योग निद्रा से जागते हैं और चातुर्मास का समापन होने के साथ ही सभी मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं। जानें इस साल खाटू श्याम बाबा का जन्मदिन कब मनाया जाएगा और घर पर इसकी तैयारियां कैसे करें।
कब है खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव
खाटू श्याम बाबा का जन्मदिन देवउठनी एकादशी के दिन मनाया जाता है। यह एकादशी तिथि 20 नवंबर की सुबह 7 बजकर 15 मिनट से 21 नवंबर की सुबह 6 बजकर 31 मिनट तक रहेगी। तिथि के अनुसार खाटू श्याम बाबा का जन्मदिन 20 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा।
खाटू धाम मंदिर में जन्मोत्सव का आयोजन
खाटू धाम मंदिर में जन्मोत्सव के दिन बाबा की प्रतिमा को इत्र से स्नान कराया जाता है और गुलाब, चंपा, चमेली और विभिन्न प्रकार के सुगंधित फूलों से उनका भव्य श्रृंगार किया जाता है।