Gardening Tips: नवंबर का महीना किचन गार्डन शुरू करने का सबसे बेस्ट टाइम है. सर्दियों की ठंडक में कई सब्जियां बहुत तेजी से बढ़ती हैं. अगर आपके पास बड़ा गार्डन नहीं है, तो टेंशन नहीं. अपनी छोटी सी बालकनी, छत या आंगन में गमलों में ही आप ताजी और ऑर्गेनिक सब्जियां उगा सकते हैं.ना महंगे औजार चाहिए, ना बड़ी जगह. बस अच्छी मिट्टी, थोड़ी धूप, सही बीज और रोज थोड़ी देखभाल से आपकी रसोई की जरूरत गमले से ही पूरी हो जाएगी.
नवंबर में गमले में उगाने के लिए 7 बेस्ट सब्जियां
1. पालक
सर्दियों की सबसे आसान सब्जी. चौड़े गमले में बीज सीधे बो दें. हल्का पानी दें. 30-40 दिन में पत्तियां काटने लायक हो जाएंगी. ऊपर से काटें तो पौधा दोबारा बढ़ेगा.
2. मेथी
सबसे कम जगह में उगने वाली सब्जी. बीजों को मिट्टी में हल्का दबा दें. मिट्टी में नमी रखें पर पानी जमा न होने दें. 25-30 दिन में हरी मेथी तैयार.
3. धनिया
हर घर की जरूरत. धनिया के बीज को हल्का तोड़कर गमले में बिखेर दें. रोज 4-5 घंटे की धूप दें. 3 हफ्ते में खुशबूदार धनिया तैयार.
4. मूली
मूली के लिए 10-12 इंच गहरा गमला लें. मिट्टी भुरभुरी रखें. बीज सीधे बोएं क्योंकि इसकी जड़ को बढ़ने के लिए जगह चाहिए.
5. गाजर
गमले के लिए छोटी किस्म की गाजर बेस्ट है. गहरा गमला और पत्थर-रहित नरम मिट्टी लें. पौधों में गैप रखें ताकि जड़ मोटी हो.
6. मटर
नवंबर की शुरुआत मटर बोने का सही समय है. 12 इंच गहरे गमले में लगाएं और बेल बढ़ने के लिए लकड़ी या जाली का सहारा दें.
7. शलजम
सर्दियों की पावरफुल जड़ वाली सब्जी. चौड़ा और गहरा गमला चुनें. बीज में दूरी रखें ताकि शलजम का साइज अच्छा बने.
गमले में सब्जी उगाते समय ध्यान दें
- गमले में नीचे पानी निकासी का छेद जरूर हो
- मिट्टी में गोबर खाद या वर्मी कंपोस्ट मिलाएं
- रोज 5-6 घंटे की धूप जरूरी है
- मिट्टी सूखने पर ही पानी दें
- कीट दिखे तो नीम के पानी का छिड़काव करें
इसे भी पढ़ें:-एमएस धोनी ने IPL से लिया संन्यास, अब नए रोल में आएंगे नजर, CSK ने किया बड़ा ऐलान