बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक…, IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली में बोले पीएम मोदी, शुभेंदु अधिकारी भी रहे मौजूद

West Bengal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल पहुंचे। पीएम मोदी ने यहां छात्र-छात्राओं से बात की, उन्हें सलाह दी और प्रदर्शनी को भी देखा। इस दौरान युवाओं से टेक्नोलॉजी को समझा। इस मौके पर पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे।

“आने में देरी हुई, क्षमा चाहता हूं” – पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “मुझे आने में देरी हुई, इसके लिए आप सभी से क्षमा चाहता हूं। IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में आज मेरे सामने भारत का वर्तमान और भविष्य जुड़ा है। आज हम सब इस संस्थान के 75 साल की यात्रा को सेलिब्रेट करने के लिए यहां जमा हुए हैं। हमने 75 साल में बहुत कुछ बदलते हुए देखा है। आईआईटी खड़गपुर ने अपनी अहम भूमिका निभाई है। मैं यहां के सभी टीचर्स और छात्रों को बहुत बधाई देता हूं।”

भारत ने बैलगाड़ी से लेकर बुलेट ट्रेन तक सब बदलते देखा

पीएम मोदी ने कहा कि अपनी स्थापना के 75 सालों में IIT खड़गपुर ने बहुत सारे मील के पत्थर बनाए हैं। इन 75 वर्षों में भारत ने बैलगाड़ी से लेकर बुलेट ट्रेन तक, डाक पत्रों से लेकर सोशल मीडिया तक बहुत कुछ बदलते हुए देखा है और इस बदलाव के हर दौर में देश के पहले IIT के तौर पर IIT खड़गपुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मैं यहां सभी को बधाई देता हूं।

“आपके यहां हॉस्टल नहीं, हॉल होते हैं”

पीएम मोदी ने कहा, “आईआईटी खड़गपुर की कुछ यादें ऐसी होती हैं, जो जिंदगीभर याद रह जाती हैं। दूसरे संस्थानों में हॉस्टल होते हैं लेकिन आपके यहां हॉल होते हैं। मैं जानता हूं कि हर स्टूडेंट को अपने हॉल पर गर्व होता है।”

यहां डिटेंशन कैंप हुआ करता था: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, “यहां से आईडियाज को बल मिला और नेशनल मूवमेंट हुआ। यहां डिटेंशन कैंप हुआ करता था। आप कल्पना कीजिए, जो स्वतंत्रता सेनानी डिटेंशन कैंप में रहे होंगे, वह उस समय क्या बातें करते हैं। आज भी उनकी आवाज पूरे वायुमंडल में मंत्र की तरह गूंजती होगी जो आपको भी प्रेरणा देगी। पीएम मोदी ने कहा, दशकों पहले इन्हीं डिटेंशन कैंपों ने उन भारतीयों का उत्साह देखा था, जो अपना शासन चाहते थे और भारत को बुलंदियों पर देखना चाहते थे। आज इसी स्थान पर आईआईटी में ऐसे युवा तैयार हो रहे हैं, जिनके इनोवेशन भारत को आत्मनिर्भर बनाने में ताकत दे रहे हैं।”

युवाओं को दिया आत्मनिर्भर भारत का संदेश

पीएम मोदी ने छात्रों से कहा कि देश का भविष्य उनके इनोवेशन पर टिका है। IIT खड़गपुर जैसे संस्थान ही भारत को आत्मनिर्भर और विकसित भारत बनाने की दिशा में सबसे बड़ी ताकत हैं।

इसे भी पढ़ें:-न्यूजीलैंड में केएल राहुल का धमाका, 136 रन की पारी से तोड़ा गावस्कर का रिकॉर्ड