Packaged Food Warning Label: अगर आप भी पैकेटबंद चिप्स, बिस्कुट, नमकीन या कोल्ड ड्रिंक खाने के शौकीन हैं, तो अब संभल जाइए. जल्द ही इन पैकेट्स पर सिगरेट की तरह चेतावनी छपी नजर आएगी. सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा आदेश देते हुए FSSAI को कहा है कि अब हर पैकेट पर साफ-साफ लिखा हो कि इसमें चीनी, नमक और फैट कितना ज्यादा है.
पैकेट के सामने छपेंगे 3 हेक्सागोन
कोर्ट ने निर्देश दिया कि पैकेट के मुख्य हिस्से पर तीन अलग-अलग षट्कोण (हेक्सागोन) बनाए जाएं. इनमें क्रमशः ‘High Fat’, ‘High Sugar’ और ‘High Salt’ लिखा हो.हर हेक्सागोन पैकेट के मुख्य डिस्प्ले क्षेत्र का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरे. इसके भीतर लिखे शब्दों का फॉन्ट इतना बड़ा और स्पष्ट होना चाहिए कि ग्राहक आसानी से पढ़ सकें.
केवल मिलाई गई चीनी नहीं, कुल चीनी होगी आधार
अब तक कंपनियां सिर्फ ‘Added Sugar’ दिखाकर बच जाती थीं. लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया है कि अब चेतावनी के लिए खाने में मौजूद कुल शुगर और कुल सैचुरेटेड फैट को गिना जाएगा. यानी चाहे चीनी प्राकृतिक हो या मिलाई गई हो, अगर मात्रा ज्यादा है तो पैकेट पर चेतावनी लिखनी ही होगी.
क्यों लिया गया ये फैसला?
जस्टिस जे बी पारडीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने कहा कि बच्चे और आम लोग बिना जाने ही ज्यादा नमक-चीनी वाला खाना खा रहे हैं, जिससे मोटापा, डायबिटीज और हार्ट की बीमारियां बढ़ रही हैं. इसलिए लोगों को पैकेट पर ही सच्चाई बताना जरूरी है.कोर्ट ने यह भी कहा कि सीमा ऐसी रखी जाए कि हर पैकेट पर चेतावनी न लगे, लेकिन खतरनाक मात्रा वाला खाना भी इससे बच न पाए.
कब से लागू होगा?
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को जल्द से जल्द ड्राफ्ट नियम बनाने, लोगों से सुझाव मांगने और फिर उसे अधिसूचित करने को कहा है. 10 हफ्ते बाद फिर सुनवाई होगी, जिसमें कोर्ट पूछेगा कि नियम कहां तक पहुंचे.यह याचिका ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ ने दाखिल की थी. कोर्ट पहले भी इस मामले में देरी पर FSSAI को फटकार लगा चुका है.
इसे भी पढ़ें:-बड़े भाई को क्रिकेट खेलते देख सुरेश रैना को जागी दिलचस्पी, T20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज