फास्टैग से कट गया है डबल टोल? घबराएं नहीं, इस आसान तरीके से वापस पाएं अपना पैसा

FASTag Double Toll Refund: हाईवे या एक्सप्रेसवे पर सफर करते समय कई बार ऐसा होता है कि टोल प्लाजा पार करने के कुछ ही मिनटों में या अगले टोल पर आपके फास्टैग वॉलेट या बैंक खाते से दो बार टोल कट जाता है. कई बार तकनीकी गड़बड़ी, नेटवर्क स्लो होने, आरएफआईडी रीडर की खराबी या सिस्टम में देरी के कारण एक ही सफर का शुल्क दो बार कट जाता है.आम वाहन चालकों को अक्सर लगता है कि कटा हुआ अतिरिक्त पैसा वापस नहीं मिल सकता, जबकि ऐसा नहीं है. नियमों के तहत अगर गलत तरीके से या दो बार टोल कटा है, तो आप अपना पैसा वापस पा सकते हैं. बस इसके लिए आपको सही प्रक्रिया और समयसीमा की जानकारी होनी चाहिए.

क्या डबल टोल का रिफंड मिल सकता है?

जी हां, अगर आपके फास्टैग से एक ही ट्रांजेक्शन या एक ही टोल के लिए दो बार पैसे कटे हैं, तो आप पूरा अतिरिक्त शुल्क रिफंड के रूप में वापस ले सकते हैं. आमतौर पर सिस्टम की खराबी से कटी अतिरिक्त राशि कुछ दिनों में अपने आप भी वापस आ जाती है, लेकिन हर बार ऐसा नहीं होता. इसलिए पैसे न लौटने पर इंतजार करने के बजाय शिकायत दर्ज करना बेहतर रहता है.

बैंक या ऐप से कैसे करें शिकायत?

सबसे पहले अपने फास्टैग जारी करने वाले बैंक के कस्टमर केयर या मोबाइल ऐप में जाएं और संदिग्ध या डबल कटे टोल ट्रांजेक्शन को चुनें. वहां गलत कटौती या चार्जबैक से जुड़ा विकल्प चुनकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं. कई बैंकों के ऐप और नेटबैंकिंग में सीधे विवाद दर्ज करने की सुविधा मिलती है, जिससे प्रक्रिया काफी आसान हो जाती है.

NHAI हेल्पलाइन से कैसे लें मदद?

अगर बैंक स्तर पर समस्या हल नहीं होती है या आपको तुरंत सहायता चाहिए, तो आप नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की हेल्पलाइन 1033 पर कॉल कर सकते हैं. इसके अलावा संबंधित टोल प्लाजा की रसीद, गाड़ी नंबर और ट्रांजेक्शन डिटेल संभालकर रखें. जरूरत पड़ने पर आप संबंधित टोल ऑपरेटर या बैंक के नोडल अधिकारी के पास भी अपनी बात रख सकते हैं.

इसे भी पढ़ें:-यूपी में 28 IPS अधिकारियों के तबादले, मोहित अग्रवाल प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर