Garud Puran: गरुड़ पुराण हिंदू धर्म का एक बहुत ही महत्वपूर्ण ग्रंथ माना जाता है. इसमें भगवान विष्णु गरुड़ जी को जीवन और मृत्यु से जुड़े गहरे रहस्य समझाते हैं. इस पुराण में बताया गया है कि इंसान की आत्मा मृत्यु के बाद कहां जाती है, कर्मों का क्या असर पड़ता है और अगला जन्म कैसे मिलता है. गरुड़ पुराण के किसी व्यक्ति का अगला जन्म उसकी मौत के बाद तय नहीं होता, बल्कि मरने से पहले ही उसके कर्मों के आधार पर तय हो जाता है. पिछले जन्मों के किए गए कर्म, इस जीवन का भाग्य और आखिरी समय में मन में चल रहे विचार—ये तीनों मिलकर यह तय करते हैं कि इंसान को अगला जन्म कैसा मिलेगा.
धर्म का अपमान करने वालों की सजा
इस ग्रंथ में बताया गया है कि जो लोग धर्म, वेद और भगवान का मजाक उड़ाते हैं या पूरी तरह भोग विलास में डूबे रहते हैं, उन्हें मृत्यु के बाद कड़ा दंड मिलता है. ऐसे लोगों को अगले जन्म में कुत्ते की योनि मिलने की बात कही गई है, जहां उन्हें अपमान और अभाव भरा जीवन जीना पड़ता है.
मित्र के साथ धोखा करने वालों का दंड
गरुड़ पुराण में मित्रता को बेहद पवित्र रिश्ता माना गया है. लेकिन जो लोग अपने स्वार्थ के लिए दोस्तों के साथ विश्वासघात करते हैं, उनके लिए सख्त सजा बताई गई है. ऐसे व्यक्ति को अगले जन्म में गिद्ध की योनि मिलती है, जो दूसरों के अवशेषों पर निर्भर रहता है और यह उसके लालच और विश्वासघात का प्रतीक माना जाता है.
दूसरों को छलने वालों की सजा
जो लोग झूठ बोलकर, धोखा देकर या चालाकी से दूसरों को नुकसान पहुंचाते हैं, उन्हें भी अपने कर्मों का फल भुगतना पड़ता है. गरुड़ पुराण के अनुसार ऐसे लोगों को अगले जन्म में उल्लू की योनि मिलती है, जिसे अज्ञान और भ्रम का प्रतीक माना जाता है.
अंतिम समय की सोच का असर
इस ग्रंथ में यह भी बताया गया है कि इंसान के जीवन का आखिरी समय बहुत अहम होता है. अगर मृत्यु के समय मन शांत और ईश्वर में लगा हो, तो बेहतर जन्म मिलता है. वहीं लालच, क्रोध या नकारात्मक सोच के साथ मृत्यु होने पर आत्मा को निचली योनियों में जाना पड़ता है.
84 लाख योनियों का रहस्य
गरुड़ पुराण में यह बताया गया है कि आत्मा को शरीर छोड़ने के बाद अपने कर्मों का पूरा हिसाब देना पड़ता है. गरुड़ पुराण में 84 लाख योनियों का जिक्र मिलता है, जिनमें मनुष्य जीवन को सबसे श्रेष्ठ माना गया है. अच्छे कर्म करने पर आत्मा को उच्च जन्म मिलता है, जबकि बुरे कर्म करने वालों को निचले स्तर के जीवन में जाना पड़ता है.
इसे भी पढ़ें:-4 गुना मुनाफे वाली है यह खेती, किसान और जानवर दोनों के लिए फायदेमंद