Assembly Election 2026: 9 बजे तक बंगाल में 18.76% और तमिलनाडु में 17.69% तक वोटिंग

Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल की 152 और तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है। बंगाल में दो चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसमें आज यानी 23 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग हो रही है। पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हो रहा है। वहीं, तमिलनाडु की बात करें तो यहां सभी सीटों पर एक चरण में ही वोटिंग हो रही है। बीजेपी इन दोनों ही राज्यों में सत्ता में आने के लिए पूरा दमखम लगा रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की टीएमसी के लिए सत्ता बचाए रखना बड़ी चुनौती है। तमिलनाडु में एमके स्टालिन के लिए भी एक बार फिर सरकार में आना आसान नहीं होगा।

पश्चिम बंगाल में 18.76% और तमिलनाडु में 17.69% मतदान

सुबह 7 बजते ही दोनों राज्यों में वोटिंग शुरू हो गई जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में 18.76% और तमिलनाडु में 17.69% मतदान हुआ। ऐसे में ज्यादातर मतदाता सुबह और शाम के समय ही मतदान कर सकते हैं। दोपहर में तेज गर्मी के कारण मतदान कम रह सकता है। 

तमिलनाडु चुनाव: आंकड़ों की जुबानी

तमिलनाडु की मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) अर्चना पटनायक के अनुसार, राज्य इस विशाल लोकतांत्रिक पर्व के लिए पूरी तरह तैयार है। कुल मतदाताओं की संख्या 5.73 करोड़ है, जिनमें महिलाओं की संख्या 2.93 करोड़ है जो पुरुषों (2.80 करोड़) से अधिक है। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 7,728 है। इसके अलावा, पहली बार वोट डालने वाले 14.59 लाख युवा मतदाता इस चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं और संभावित रूप से गेम-चेंजर साबित हो सकते हैं।

पश्चिम बंगाल चुनाव: आंकड़ों की जुबानी

पश्चिम बंगाल में इस चरण में 16 जिलों की 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. चुनाव मैदान में 1478 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस चरण में 3.60 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 1.84 करोड़ पुरुष, 1.75 करोड़ महिलाएं और 465 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं.

सुरक्षा का सख्त पहरा और अंतरराष्ट्रीय निगरानी

शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने तमिलनाडु को सुरक्षा के लिहाज से किले में तब्दील कर दिया है। करीब 1.40 लाख पुलिसकर्मियों और 3.40 लाख सरकारी कर्मचारियों को तैनात किया गया है ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु और सुरक्षित रहे। दिलचस्प बात यह है कि 17 देशों के 34 विदेशी प्रतिनिधि (IEVP 2026) भी राज्य के दौरे पर हैं, जो मतदान की पारदर्शिता और प्रक्रिया का अवलोकन कर रहे हैं। यह व्यवस्था चुनाव आयोग की गंभीरता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है

पीएम मोदी की मतदाताओं से खास अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया (X) के जरिए तमिलनाडु के लोगों से भारी संख्या में मतदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से अपील की कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करें और मतदान के नए रिकॉर्ड बनाएं।

इसे भी पढ़ें:-रात में क्यों नहीं पीनी चाहिए ब्लैक काफी, रिसर्च में सामने आई चौंकाने वाली बात

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *