तमिलनाडु में शराब खरीदने का नया नियम, 1,000 रुपये से ज्यादा की खरीद पर डिजिटल पेमेंट अनिवार्य

Tamil Nadu: तमिलनाडु में शराब खरीदने वालों के लिए 1 नवंबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (TASMAC) ने फैसला किया है कि 1,000 रुपये से ज्यादा की शराब खरीद पर अब सिर्फ डिजिटल पेमेंट ही चलेगा।ग्राहक UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर सकेंगे। हालांकि 1,000 रुपये तक की खरीद पर नकद और डिजिटल दोनों विकल्प रहेंगे।

क्यों लिया गया फैसला?

TASMAC के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक राज्य में 4,048 रिटेल दुकानें हैं। पहले से ही UPI/कार्ड की सुविधा है, लेकिन 90% लेनदेन आज भी कैश में होता है।अधिकारी ने बताया – “रोज बड़ी मात्रा में कैश संभालने में स्टाफ को दिक्कत आती है। कैश ले जाने में सुरक्षा जोखिम, हिसाब में गड़बड़ी और नकली नोटों का खतरा रहता है। दूसरा बड़ा कारण ओवरचार्जिंग है। सरकार को लगातार MRP से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायतें मिल रही थीं। डिजिटल पेमेंट से हर लेनदेन का टाइम और अमाउंट रिकॉर्ड होगा, जिससे ज्यादा कीमत वसूलने पर रोक लगेगी और पैसा सीधे सरकारी खाते में जाएगा।

निजी QR कोड पर बैन

TASMAC ने सख्ती दिखाते हुए कर्मचारियों के निजी QR कोड या पर्सनल बैंक अकाउंट से पेमेंट लेने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। नियम तोड़ने पर कर्मचारियों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।

कैसे लागू होगा नियम?

  • हर खरीद पर कागजी बिल देना अनिवार्य
  • POS मशीन पर पेमेंट कन्फर्म होने के बाद ही बोतल देनी होगी
  • सभी दुकानों पर 2×3 फीट के सूचना बोर्ड लगेंगे
  • जिला मैनेजरों को POS मशीन चेक करने, नेटवर्क सुनिश्चित करने और हफ्ते में समीक्षा करने की जिम्मेदारी दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *