Religion: आज यानी 27 नवंबर को रखा जाएगा संकष्टी चतुर्थी का व्रत। प्रत्येक महीने के कृष्ण और शुक्ल, दोनों पक्षों की चतुर्थी को भगवान गणेश की पूजा का विधान है। कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को संकष्टी श्री गणेश चतुर्थी, जबकि शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को विनायक श्री गणेश चतुर्थी के रूप में मनाया जाता है। वहीं मार्गशीर्ष माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को गणाधिप संकष्टी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन भगवान गणेश के गणाधिप स्वरूप की पूजा अर्चना की जाती है।
गणाधिप का अभिप्राय गणों के अधिपति अथवा गणों के स्वामी से है। गणाधिप संकष्टी के दिन पूर्ण भक्तिभाव से गणेश जी की आराधना एवं उपवास करने से कठिन से कठिन मनोरथ सिद्ध हो जाते हैं। संकष्टी चतुर्थी के दिन इन खास उपायों को करने से गणपति जी की कृपा से सभी परेशानियों से शीघ्र छुटकारा मिल जाता है।
संकष्टी चतुर्थी के दिन स्नान आदि के बाद घी में बेसन भूनकर या किसी और से भुनवाकर, उसमें पिसी हुई शक्कर मिलाकर प्रसाद तैयार कर लें। फिर भगवान को नमस्कार करके उस प्रसाद का भोग लगाएं। साथ ही भोग लगाने के बाद भगवान श्री गणेश की मूर्ति की तीन बार परिक्रमा करें। अगर मूर्ति के आस-पास इतना स्पेस न हो तो श्री गणेश का ध्यान करते हुए अपने स्थान पर ही तीन परिक्रमा कर लें।