कानपुर। कानपुर में पांडु नदी में आई बाढ़ की वजह से बर्रा आठ ई ब्लॉक, वरुण विहार के कई परिवार घर खाली कर चले गए हैं। कच्चे मकान गिरने लगे हैं। हालांकि बाढ़ का असर गुजैनी, मेहरबान सिंह का पुरवा, मर्दनपुर गांव, बनपुरवा, कंचनपुरवा, तात्याटोपे नगर, रायपुरवा, ग्राम बिहारी पुरवा समेत कई इलाकों में है।
यहां के भी लोगों ने डर की वजह से सामान पैक करना शुरू कर दिया है। वार्ड-9 रविदासपुरम के पार्षद पति विजय गौतम का कहना है कि बर्रा आठ कच्ची बस्ती व वरुण विहार में नदी किनारे कुछ लोग अवैध रूप से मकान बनाकर रह रहे हैं। इस वजह से बाढ़ का सामना करना पड़ रहा है। 2018 में ऐसे ही हालात बने थे। अवैध कब्जे हट जाएं तो नदी का पानी बस्तियों में नहीं घुसेगा। वहीं, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार सुबह प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। बनपुरवा के नाले की सफाई कराई। साथ ही अस्थायी शेल्टर होम बनाकर बाढ़ प्रभावित लोगों को ठहराने के इंतजाम कराने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी अजय संखवार, जोनल अधिकारी स्वर्ण सिंह, अधिशासी अभियंता आरके सिंह, जेडएसओ अरविंद यादव, पार्षद पति विजय गौतम भी मौजूद रहे।