चंदौली। चंदौली जिले में गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़ाव हो रहा है। गुरुवार को जलस्तर में तीन फीट की वृद्धि दर्ज की गई। नदी में पानी बढ़ने से बलुआ स्थित गंगा घाट पर बना शवदाह गृह डूब गया। इससे लोगों को शवों का अंतिम संस्कार करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं ग्रामीणों को बाढ़ व किसानों को धान की फसल बर्बाद होने कीचिंता सताने लगी है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बारिश से गंगा का जलस्तर बढ़ता जा रहा है। इससे गंगा के तटवर्ती इलाके के गांवों में रहने वाले ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं बलुआ घाट पर बने शवदाह गृह के पानी में डूब जाने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग आसपास के घाटों पर किसी प्रकार शवदाह करने को विवश हैं। गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही थी। एक दिन के लिए पानी का स्तर स्थिर रहा लेकिन गुरुवार को गंगा के जलस्तर में वृद्धि प्रारंभ हो गई, जिससे ग्रामीणों में बाढ़ की चिंता व्याप्त हो गई है। वहीं तटवर्ती इलाकों के किसानों में फसल के पानी में डूबकर बर्बाद हो होने की चिंता सताने लगी है। किसानों का कहना है कि प्रति वर्ष बाढ़ के कारण फसल बर्बाद हो जाती है, जिससे खाने-पीने की परेशानी बढ़ जाती है। बाढ़ की विभीषिका झेल चुके किसान व ग्रामीण गंगा के जलस्तर में वृद्धि से परेशान हो गए हैं।