हिमाचल प्रदेश के मंडी में अखरोट ने दी दस्तक

हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश के मंडी में अखरोट ने बाजार में दस्तक दे दी है। शुरुआती सीजन में मंडी शहर में अखरोट 200 से लेकर 700 रुपये सैकड़ा के हिसाब से बिक रहा है। पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार अखरोट दस फीसदी महंगा है। इससे उत्पादकों के चेहरे खिल गए हैं। जबकि खरीदार थोड़े मायूस हैं। दरअसल सायर के पर्व पर अखरोट का विशेष महत्व है। हालांकि यह पर्व 16 सितंबर को मनाया जाएगा। लेकिन मंडी के सेरी, चौहटा बाजार, इंदिरा मार्केट व अन्य स्थानों में दुकानें सजनी शुरू हो गईं हैं। लोगों द्वारा सबसे अधिक कागजी अखरोट पसंद किया जा रहा है। सेरी मंच पर अखरोट की दुकान लगाए गोहर के प्रकाश ने बताया कि इस बार कागजी अखरोट की पैदावार कम हुई है। गांव-गांव से एकत्रित करके शहर तक पहुंचाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ रही है। वहीं बालीचौकी के शेर सिंह ने बताया कि अखरोट बिक नहीं रहा है। क्योंकि दुकानों के आगे सेरी के साथ पार्किंग बनी है जिसके चलते ग्राहक नहीं पहुंच रहे। मुराह के इंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक इक्का-दुक्का ग्राहक ही अखरोट ले रहा है। लेकिन जैसे-जैसे पर्व नजदीक होगा, वैसे बिक्री में तेजी आने की उम्मीद है। दस फीसदी के करीब दाम बढ़े हैं। वहीं खरीदारी करने पहुंचे सविता, बबली, संतोष, अंजु, सवित्री, कल्पना, वीरी सिंह, दिनानाथ, सुमन, शालू, सोनिया, जानकी, जयवंती, ममता, गौरी, मधु, माध्वी, चमन, रवि व देवेंद्र ने बताया कि इस बार अखरोट के दाम भी अन्य चीजों की भांति महंगा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *