भारत बंद को लेकर दिल्ली-एनसीआर की सीमाओं पर सुरक्षा हुई चाक-चौबंद

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ संयुक्त किसान मोर्चा ने आज भारत बंद का आह्वान किया है। संयुक्त किसान मोर्चा के कुल 40 संगठनों ने आम लोगों के साथ-साथ कई राजनीतिक पार्टियों से भी समर्थन मांगा है। भारत बंद के मद्देनजर दिल्ली सह‍ित आसपास के कई राज्यों में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद के मद्देनजर दिल्ली पुलिस एक्शन में है। उत्तर प्रदेश से आने वाले किसानों को रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर स्थित गाजीपुर में किसानों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। ट्रैफिक पुलिस ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है। दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि भारत बंद के मद्देनजर एहतियातन राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया गया है। अधिकारी ने कहा कि शहर की सीमाओं पर तीन जगह प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों में से किसी को दिल्ली में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। वहीं एक अन्य अधिकारी ने बताया कि किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए हमारी पुलिस तैयार है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भारत बंद का कोई आह्वान नहीं है, लेकिन हम घटनाक्रम पर ध्यान रख रहे हैं और पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *