ऐलनाबाद सीट पर उपचुनाव की हुई घोषणा

हरियाणा। ऐलनाबाद उपचुनाव की रणभेरी बज उठी है। 30 अक्टूबर को मतदान होगा और 2 नवंबर को परिणाम आएगा। भारतीय चुनाव आयोग की ओर से जारी घोषणा के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। इनेलो के सामने परंपरागत गढ़ को बचाने की चुनौती रहेगी। इनेलो सुप्रीमो ओपी चौटाला के जेबीटी भर्ती मामले में सजा काट कर बाहर आने के बाद यह पहला चुनाव है। प्रदेश की गठबंधन सरकार भी जीतने के लिए पूरा जोर लगाएगी, जिसके लिए पहले से खासा फोकस किया हुआ है। कृषि कानूनों के विरोध में ऐलनाबाद के विधायक एवं इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने 27 जनवरी 2021 को इस्तीफा दिया था। वे हरियाणा में इनेलो से एकमात्र विधायक थे। उनके इस्तीफे के बाद से अभी तक यह सीट खाली थी, जिस पर अब उपचुनाव होगा। सभी पार्टियों ने अपनी-अपनी रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। भले ही अभी चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की किसी भी पार्टी ने अधिकारिक घोषणा नहीं की है लेकिन अपने स्तर पर सभी नेताओं ने मंथन शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *