टोक्यो पैरालंपिक में कांस्य पदक विजेता शरद कुमार ने सीएम से की मुलाकात

नई दिल्ली। टोक्यो पैरालंपिक में कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले एथलीट शरद कुमार ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से दिल्ली सचिवालय में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने मेडल पहनाकर उनका सम्मान किया। इस मौके पर केजरीवाल ने कहा कि शरद कुमार से मिलकर बहुत खुशी हुई। उनके शानदार प्रदर्शन ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने खेल मंत्रालय को शरद कुमार के लिए नौकरी की संभावना तलाशने का निर्देश दिया है। कहा कि संभव हुआ तो शरद को दिल्ली सरकार में नियमानुसार सम्मानजनक नौकरी दी जाएगी। इससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा। दिल्ली सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव मदद देने के लिए हमेशा तैयार है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई है, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी खेल सकें। मुलाकात के दौरान शरद कुमार ने मुख्यमंत्री से टोक्यो पैरालंपिक की यात्रा के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि पैरालंपिक में मेडल जीतने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बहुत अच्छा लगा। यह गर्व की बात है कि मुख्यमंत्री से मिलकर उनसे आशीर्वाद लेने का मौका मिला। आगामी खेल के लिए लगन से लगा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *