ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री ने एलजी मनोज सिन्हा से की मुलाकात

जम्मू-कश्मीर। जनपहुंच कार्यक्रम के तहत जम्मू-कश्मीर पहुंचे केंद्रीय ग्रामीण विकास व पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने राजभवन में उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान केंद्र शासित प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं की मजबूती के लिए उठाए गए कदमों पर चर्चा हुई। साथ ही भविष्य में उठाए जाने वाले कदमों पर भी विचार हुआ जिससे इन संस्थानों को और सशक्त बनाया जा सके। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने ग्रामीण इलाकों के समग्र विकास पर केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन की रणनीति पर चर्चा करते हुए कहा कि पहली बार यहां त्रिस्तरीय पंचायती व्यवस्था को लागू किया जा सका है। इससे जमीनी स्तर पर लोकतंत्र मजबूत हुआ है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विकास में अंतिम व्यक्ति की भी भागीदारी सुनिश्चित हो सकी है। ग्राम पंचायतों को खनन तक के अधिकार दिए गए हैं। इसके अलावा कई अन्य उपायों से ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाया गया है। यह कोशिश की गई है कि ग्राम के विकास में वहां के रहने वाले लोगों की भागीदारी हो। उनकी आवश्यकताओं तथा उनकी इच्छा से ही विकास कार्य हों। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि पिछले एक साल में ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए थ्रेशर योजना की भी शुरूआत की गई है। किसानों को घर तक कृषि की आधुनिक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *