सीएम ने उदयपुर में चुनावी जनसभा को किया संबोधित

हिमाचल प्रदेश। लोकसभा उपचुनाव के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर कुशाल चंद भी थे। मुख्यमंत्री ने उदयपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं राजा नहीं, मजदूर का बेटा हूं। अपनी मेहनत से इस मुकाम तक पहुंचा हूं। उन्होंने कहा कि फौजी सच्चे मन के होते हैं। जो कहते हैं, कर दिखाते हैं। लेकिन कांग्रेस अपने प्रत्याशी के लिए दिवंगत वीरभद्र के लिए श्रद्धांजलि स्वरूप वोट मांग रही है। उन्होंने कहा कि उदयपुर व केलांग में एक माह पहले की गई घोषणाओं को चुनाव आचार संहिता हटते ही अगली कैबिनेट में पूरा किया जाएगा। अटल टनल लाहौल के लोगों के लिए वरदान साबित हुई है। अटल टनल से पूर्व कितने लोग बेमौत मारे गए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी कहा करते थे कि लाहौल आना-जाना मुश्किल है। अटल के सपने को पीएम नरेंद्र मोदी ने पूरा किया। इस दौरान कुशाल चंद ने कारगिल युद्ध में महत्वपूर्ण योगदान के लिए लाहौल-स्पीति के समस्त सैन्य अधिकारियों सहित सैनिकों के नाम गिनाए। उन्होंने कहा कि लाहौल में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप और तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने भी जनसभा को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *