पूर्व पीएम मनमोहन सिंह की सेहत में हो रहा है सुधार

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सेहत में अब सुधार हो रहा है। उन्हें बुखार और कमजोरी की शिकायत के बाद बुधवार को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। एम्स के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री को डेंगू की समस्या है। हालांकि अब उनकी हालत स्थिर है। इससे पहले 89 वर्षीय कांग्रेस नेता कोरोना की चपेट में भी आ चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सेहत के बारे में बताते हुए एम्स अधिकारी ने बताया कि पूर्व पीएम की जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। हमने उनका इलाज शुरू कर दिया है। अब उनकी प्लेटलेट्स काउंट भी लगातार बढ़ रही है। वे धीरे-धीरे रिकवर हो रहे हैं। पूर्व पीएम को अस्पताल के कार्डियो-न्यूरो सेंटर के एक निजी वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉ. नीतीश नाइक के नेतृत्व में हृदय रोग विशेषज्ञों की एक टीम उनकी देखरेख कर रही है। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया शुक्रवार को मनमोहन सिंह का हालचाल जानने एम्स पहुंचे थे। हालांकि उनके दौरे पर विवाद भी खड़ा हो गया है। मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह ने मंडाविया की आलोचना करते हुए कहा है कि वे मेरे पिता के कमरे में फोटोग्राफर को लेकर गए, जबकि उन्हें इसके लिए मना किया गया है। उन्होंने कहा कि मेरी मां ने कई बार फोटोग्राफर को बाहर जाने के लिए कहा, लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *