राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, गृह मंत्री शाह सहित कई नेताओं ने छठ महापर्व की दी शुभकामनाएं

नई दिल्‍ली। लोग आस्था के महापर्व छठ में आज डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देते हुए छठी मैया की पूजा आराधना की जाएगी। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व मुख्य रूप से उत्तर भारत के राज्यों में मनाया जाता है। इसे खासतौर पर बिहार, झारखंड और पूर्वी भारत में बहुत ही उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाता है। अब इस पर्व की महत्ता केवल भारत तक ही सीमित नहीं है बल्कि विदेशों में भी इस महापर्व को बड़े धूमधाम ने मनाया जाता है। चार दिनों तक चलने वाले छठ पूजा में सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा होती है। छठ के पर्व में उगते हुए और डूबते हुए सूर्य दोनों को अर्घ्य दिया जाता है। आज सभी लोग एक दूसरे को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दे रहे हैं। इस क्रम में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट कर देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी है। उन्होंने लिखा कि छठ पूजा के शुभ अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। यह पर्व प्रकृति, विशेषकर सूर्य व जल पर हमारी निर्भरता को स्वीकारने का भी अवसर है। मेरी कामना है कि यह त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को सबल बनाने के साथ-साथ पर्यावरण-संरक्षण के हमारे प्रयासों को भी सुदृढ़ बनाए। उपराष्ट्रपति वेंकैया नायुडू ने ट्वीट कर कहा, ‘छठ के पावन अवसर पर श्रद्धालु देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हमारे पर्वों में प्रकृति की छवि दिखती है। यह नदियों की पवित्रता का पर्व है, सूर्य की दिव्यता का पर्व है, अर्घ्य में समर्पित खाद्यान्न की सात्विकता का पर्व है। प्रकृति में हमारी आस्था का पर्व है।’ गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि समस्त देशवासियों को सूर्य आराधना के महापर्व ‘छठ पूजा’ की हार्दिक शुभकामनाएं। सूर्यदेव सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और नई ऊर्जा का संचार करें। जय छठी मैया!’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *