लेह और कारगिल में पड़ रही है कड़ाके की ठंड…

जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में साफ मौसम के बीच पारा गिरने का सिलसिला जारी है। कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री से नीचे चला गया है। पूरी घाटी शीत लहर की चपेट में है। सर्द हवाओं ने दिनचर्या को प्रभावित किया है। दिन का तापमान भी बीस डिग्री से नीचे चल रहा है। लेह और कारगिल में सबसे अधिक सर्दी पड़ रही है, यहां दिन का तापमान भी दस डिग्री से नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन तापमान में भी गिरावट आएगी। लेह और कारगिल में रात के न्यूनतम तापमान में जबरदस्त गिरावट आई है। लेह में दिन का तापमान 6.0 और बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कारगिल में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 7.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि दिन का तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी श्रीनगर में बीती रात का तापमान शून्य डिग्री रहा। पहलगाम में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 4.0 और गुलमर्ग में माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू में भी रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री गिरावट के साथ 10.7 और दिन का तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 0.6, कटड़ा में 10.2, बटोत में 4.2 और भद्रवाह में 2.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश न होने के कारण खुश्क सर्दी में बढ़ोतरी हो रही है। इससे त्वचा स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *