जम्मू-कश्मीर में अब हर वर्ष होगी अफसरों की भर्ती…

जम्मू कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में अब प्रशासन, पुलिस और लेखा विभाग में राजपत्रित (गजटेड) अफसरों की हर साल संयुक्त भर्ती परीक्षा होगी। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) कंबाइंड कंपीटीटिव एक्जामिनेशन के लिए विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की भर्ती का कैलेंडर तैयार करेगा। यह कैलेंडर जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग को दिया जाएगा। इससे पूर्व राजपत्रित पदों की भर्ती का कोई कैलेंडर नहीं था। कई बार भर्ती प्रक्रिया कई वर्षों बाद चलाई जाती थी। वहीं मुख्य सचिव ने मार्च 2022 तक सरकारी विभागों में 10 हजार पदों की भर्ती का लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। जम्मू-कश्मीर में भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने बोर्ड को दिशा निर्देश जारी किए। मुख्य सचिव को बोर्ड की ओर से बताया गया कि दो हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मुख्य सचिव ने बोर्ड से कहा कि वह मार्च 2022 तक सब इंस्पेक्टरों के 1200 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया को पूरा करें। उन्होंने सामान्य प्रशासनिक विभाग से कहा कि वह बोर्ड को अतिरिक्त स्टाफ मुहैया करवाएं ताकि भर्ती का लक्ष्य समय से पूरा हो सके। बैठक में गृह विभाग के प्रधान सचिव शालीन काबरा, सामान्य प्रशासनिक विभाग के आयुक्त सचिव, जेकेएसएसबी के अध्यक्ष और जेकेपीएससी के सचिव भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *