पर्यटन के लिए विख्यात हिमाचल प्रदेश में अब लीज पर नहीं ले सकेंगे होम स्टे

हिमाचल प्रदेश। पर्यटन के लिए विख्यात हिमाचल प्रदेश में अब होम स्टे लीज पर नहीं ले सकेंगे। 2008 में बनी होम स्टे पॉलिसी के बाद सूबे में होम स्टे का विस्तार तेजी से हुआ है। जिला कुल्लू और जनजातीय क्षेत्र लाहौल में ही 1500 से अधिक होमस्टे हैं, जबकि सैकड़ों का निर्माण चल रहा है। होमस्टे संचालक होटल, कॉटेज और रेस्तरां की तर्ज पर होमस्टे लीज पर नहीं दे सकेंगे। पर्यटन विभाग ऐसे होमस्टे का लाइसेंस रद्द कर देगा। जिले में दर्जनों लोगों ने होमस्टे लीज पर दे रखे हैं, जो होमस्टे पॉलिसी के खिलाफ है। इसका खुलासा पिछले सप्ताह बंजार घाटी में होमस्टे और रेस्टहाउसों का निरीक्षण करने गई पर्यटन विभाग की टीम ने किया है। होमस्टे लीज पर देने से सरकार को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है। होमस्टे स्वयं चलाने के लिए बिजली और पानी का बिल भी घरेलू रेट पर मिलता है। अब पर्यटन विभाग शिकंजा कसने की तैयारी कर रहा है। जिले में ऐसे में कितने होमस्टे लीज पर चल रहे हैं, इसका डाटा जुटाया जा रहा है। जिला पर्यटन अधिकारी राजेश भंडारी ने कहा कि बंजार घाटी में कई होमस्टे का संचालन स्वयं मकान मालिक नहीं कर रहे हैं। उन्होंने होमस्टे बाहरी लोगों को लीज पर दिए हैं। यह होमस्टे पॉलिसी का उल्लंघन है। ऐसे लोगों को नोटिस जारी कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *