वेटिकन सिटी और मक्का की तर्ज पर होगा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का विकास: रवींद्र नारायण सिंह

अयोध्या। अयोध्या में बन रहे भव्य राम मंदिर को लेकर विहिप के अध्यक्ष रवींद्र नारायण सिंह ने बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का विकास वेटिकन सिटी और मक्का की तर्ज पर किया जाएगा। अयोध्या का यह तीर्थ क्षेत्र हिंदुत्व का प्रतीक बनकर उभरेगा। इटली का वेटिकन शहर ईसाई समुदाय का सर्वोच्च आस्था स्थल है तो सउदी अरब स्थित मक्का मुस्लिम धर्म का शीर्ष इबादत स्थल। विहिप प्रमुख का यह एलान इस मायने में महत्वपूर्ण है कि हिंदुओं के विभिन्न आस्था स्थलों में भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या को यह संगठन करोड़ों हिंदुओं का सर्वोच्च तीर्थ स्थल घोषित करने जा रहा है। विहिप प्रमुख रवींद्र नारायण सिंह रविवार को नागपुर में थे। वे यहां धनतोली में विश्व हिंदू जनकल्याण परिषद के विदर्भ क्षेत्रीय कार्यालय के निर्माण का भूमिपूजन करने आए थे। कार्यक्रम में मौजूद संतों व विहिप पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र का विकास वेटिकन सिटी (रोमन कैथोलिक चर्च का मुख्यालय) और मक्का (इस्लाम का पवित्रतम शहर) की तर्ज पर किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से चर्चा में विहिप प्रमुख ने देश में धर्मांतरण के लिए होने वाली विदेशी फंडिंग पर नकेल कसने के लिए मोदी सरकार की तारीफ की। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से भी अपील की कि वह देश की सेवा के लिए हिंदुओं के साथ हाथ मिलाए। हिंदू सोचते हैं कि उनका कुछ नहीं बिगड़ेगा, इसी मानसिकता के कारण हम चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईसाई मिशनरियां आदिवासी क्षेत्रों में धर्मांतरण के लिए आदिवासी क्षेत्रों में अस्पताल व स्कूल चला रही हैं। मिशनरीज हिंदू धर्म को उखाड़ने के लिए पूरी योजना के तहत यह काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *