Kashmir Protest: अमेरिका और इजरायल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर सामने आते ही हड़कंप मच गया. इसका असर भारत में भी देखने को मिल रहा है. जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में लोग सड़कों पर उतर आए और अमेरिका व इजरायल के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर ने लोगों में गुस्से और रोष की लहर पैदा कर दी. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और बडगाम समेत कई शहरों में लोग नारे लगाते हुए मार्च कर रहे हैं, जिस वजह से शहरों की कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक बाधित हो गया. स्थिति को काबू में करने के लिए अधिकारियों ने कुछ जगहों पर वाहनों का रास्ता बदल दिया.
श्रीनगर में भी विरोध प्रदर्शन शुरू
श्रीनगर में भी रविवार को विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए. स्थानीय लोग खामेनेई की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और अमेरिका व इजरायल विरोधी नारे लगा रहे हैं. प्रदर्शनकारियों की संख्या बढ़ने के कारण शहर के कई हिस्सों में पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे. हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है लेकिन किसी भी तरह की अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.
पूरे हफ्ते जारी रहेगी कार्रवाई
गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार सुबह दावा किया कि ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की मौत हो गई है. उन्होंने कहा कि अमेरिका की कार्रवाई पूरे हफ्ते या जरूरत पड़ने तक जारी रहेगी. ट्रंप ने खामेनेई को “इतिहास के सबसे बुरे लोगों में से एक” बताते हुए कहा कि उनकी मौत ईरान की जनता के लिए न्याय है. यह उन सभी अमेरिकी नागरिकों और दुनिया के कई अन्य देशों के लोगों के लिए भी न्याय है जो खामेनेई और उनके साथियों के कारण मारे गए या घायल हुए.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद ईरान की सरकारी मीडिया ने भी खामेनेई की मौत की पुष्टि की है. हालांकि इस खबर ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर विरोध और चिंता दोनों पैदा कर दी है.
इसे भी पढें:-विकास और नवाचार का जीवंत केंद्र, साणंद दौरे के बाद पीएम मोदी ने की वहां के लागों की प्रशंसा